गोसाईंगंज। बेटे की गिरफ्तारी से नाराज पीजीआई की वृंदावन कॉलोनी निवासी सेवानिवृत्त बीडीओ कमला प्रसाद श्रीवास्तव पर गोसाईंगंज थाने पहुंचकर पुलिसकर्मियों को धमकाने का आरोप लगा है। गंगागंज चौकी प्रभारी सौरभ पांडेय ने उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
चौकी प्रभारी के मुताबिक, 12 नवंबर को पुलिस ने पेट्रोल पंप पर चार हजार रुपये का पेट्रोल भरवाकर भुगतान न करने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। इनमें कमला प्रसाद का बेटा दिव्यांश भी शामिल था। कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया। आरोप है कि उसी रात करीब 11:30 बजे कमला प्रसाद थाने पहुंचे और बेटे की गिरफ्तारी से नाराज होकर पुलिसकर्मियों को देख लेने की धमकी दी।
एसीपी गोसाईंगंज ऋषभ यादव ने बताया कि कमला प्रसाद की कार के आगे के शीशे पर हाईकोर्ट अधिवक्ता का स्टीकर लगा था, जबकि वह स्वयं अधिवक्ता नहीं हैं। मामले की जांच की जा रही है। इसके बावजूद कार पर अधिवक्ता का स्टीकर लगाकर आम लोगों और पुलिस पर अनुचित प्रभाव जमाने और दबाव बनाने का प्रयास किया जा रहा था। मामले की तफ्तीश की जा रही है। (संवाद)