इलाहाबाद विश्वविद्यालय के प्रोफेसर रहे पूर्व राज्यमंत्री फजले इमाम का सोमवार सुबह निधन हो गया। कार्यवाहक सीएमओ ने बताया कि उनकी कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। पूर्व मंत्री को अयोध्या रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
अस्पताल प्रबंधन की ओर से मरीज के पॉजिटिव होने पर कोविड प्रोटोकॉल के तहत सुपुर्द-ए-खाक कराने की बात कही गई। इस दौरान परिजनों ने दावा किया कि उनकी रिपोर्ट निगेटिव है। उन्होंने जिलाधिकारी से दोबारा जांच कराने की मांग की।
कार्यवाहक सीएमओ डॉक्टर एनके सिंह ने बताया कि परिवारजन के कहने पर जांच की गई। पूर्व मंत्री रैपिड एंटीजन टेस्ट में निगेटिव निकले, लेकिन इससे पहले 26 अगस्त को उनकी आरटी पीसीआर जांच हुई थी, जिसमें वह पॉजिटिव थे।
इसकी सूचना भी वेबसाइट पर अपलोड की गई थी। उनका पुराना सैंपल पॉजिटिव है। इसलिए इस मौत को कोरोना में ही शामिल किया जाएगा। परिजनों से कहा गया है कि वे कोविड प्रोटोकॉल के तहत ही सुपुर्द-ए-खाक करें।