चयनित हज आवेदकों की औपचारिकता को लेकर राज्य हज कमेटी परेशान है।
प्रदेश से 23668 हज आवेदकों का हज यात्रा 2014 के लिए चयन हुआ है लेकिन इनमें से अब तक मात्र 11 हजार ने ही औपचारिकता पूरी की।
चयनित हज आवेदकों से राज्य हज कमेटी बार-बार औपचारिकता पूरी करने की अपील कर चुका है। मगर 36 घंटे शेष रहते हुए भी आवेदकों में तेजी नहीं है।
सोमवार को राज्य हज कमेटी ने एक बार फिर अपील करते हुए प्रदेश के सभी 23668 हज आवेदकों से 15 मई तक अपनी प्रथम चरण की औपचारिकता पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
साथ ही कहा है कि अगर 15 मई की देर शाम तक भी चयनित हज आवेदक अपने पासपोर्ट व हज यात्रा खर्च की पहली किश्त (81 हजार रुपये) राज्य हज कमेटी कार्यालय पर जमा कर दें, अन्यथा उनके चयन को निरस्त माना जाएगा।
राज्य हज कमेटी के अधिकारी तनवीर अहमद का कहना है कि तीन दिन शेष हैं। जबकि अब तक सिर्फ 11 हजार चयनित आवेदकों की ही प्रथम चरण की औपचारिकता पूरी हुई हैं।
उन्होंने कहा कि औपचारिकता पूरी करने को लेकर अभी तक तय तिथि में कोई बदलाव के आसार नहीं है न ही कोई निर्देश हज कमेटी आफ इंडिया से जारी हुआ है।
हजरत अली के जन्म दिवस पर राज्य हज कमेटी में छुट्टी नहीं
हजरत अली के जन्म दिवस 13 मई को भी राज्य हज कमेटी कार्यालय खुला रहेगा।
हज सचिव सुलतान अहमद का कहना है कि हज आवेदकों की सुविधाओं व प्रथम चरण की औपचारिकता पूरी करने के लिए बचे तीन दिनों के चलते राज्य हज कमेटी ने यह फैसला किया है।
15 मई तक कमेटी कार्यालय की सभी छुट्टियां निरस्त रहेंगी।