लखनऊ। कैफे संचालक अतुल कुमार जैन से चेन लूटने वाले दोनों बदमाशों की एक चूक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इसकी मदद से पुलिस के हाथ बदमाशों तक पहुंच सके। फुटेज में दिखा कि बीकेटी इलाके में बदमाशों ने बाइक सवार एक परिचित से रुक कर कुछ देर बातचीत की थी। पुलिस ने उक्त बाइक सवार का पता लगाया और फिर वारदात को अंजाम देने वाले दोनों बदमाशों की पहचान की।
एडीसीपी पूर्व अमित कुमावत के अनुसार वारदात अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश कुर्सी रोड होते हुए बेहटा पहुंचे और किसान पथ पर चढ़ गए। फुटेज में बदमाश बाराबंकी की ओर जाते नजर आए, लेकिन उसके बाद उनका कोई सुराग नहीं लगा। बाराबंकी के रास्ते पर उतरने के बाद वे लोग करीब एक घंटे बाद वापस आते दिखाई दिए और वहां से बीकेटी के अस्ती रोड क्रॉसिंग पहुंचे। दोनों बदमाशों ने वहां पर एक बाइक सवार परिचित से रुक कर कुछ मिनट बातचीत की और फिर सीतापुर भाग गए। अस्ति क्रॉसिंग की फुटेज से पुलिस ने उस बाइक सवार युवक के बारे में पता किया जो बदमाशों से बातचीत कर रहा था। उसके मोबाइल फोन की कॉल डिटेल से बदमाशों का नंबर पुलिस के हाथ लगा और वारदात को अंजाम देने वाले अरविंद व संजय की पहचान हुई।
सर्विलांस की मदद से मिली सफलता
एडीसीपी ने बताया कि पुलिस के पास बदमाशों की काफी संख्या में सीसीटीवी फुटेज थी, पर बाइक का नंबर प्लेट न होने की वजह से उनकी पहचान नहीं हो पा रही थी। घटना के खुलासे के लिए पुलिस की 14 टीमें गठित की गई थीं। हर टीम को अलग-अलग टास्क और सेक्टर में बांटा गया था। पुलिस को सबसे बड़ी सफलता सर्विलांस की मदद से मिली। मोबाइल टॉवर से पुलिस को संदिग्धों का एक्टिव मोबाइल नंबर मिला।
आने-जाने में नहीं करते थे मुख्य मार्ग का इस्तेमाल
आरोपी अरविंद व संजय यादव लखनऊ आने के लिए मुख्य मार्ग का इस्तेमाल नहीं करते थे। पुलिस के मुताबिक वह बनकटा, सोनवा, सरसवा, पहाड़पुर से रिंग रोड फिर वहां से लोहंदपुर, गोहना कला होते हुए जानकीपुरम आते थे। यहां से उनका टारगेट अलीगंज, जानकीपुरम, गुडंबा, विकासनगर के लोग होते थे। घटना के बाद दोनों इसी रास्ते से वापस भाग जाते थे।
बदमाशों को अतुल ने जड़े थे कई घूसे
इंस्पेक्टर गुडंबा प्रभातेष कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक पकड़े गए बदमाश अरविंद ने बताया कि चेन लूटने के बाद भागने के दौरान पीछा कर रहे अतुल ने उसे कई घूसे जड़ दिए। पकड़े जाने के डर से उसने अतुल को धक्का दे दिया था।
कई वर्षों से अपराध में सक्रिय है अरविंद
अरविंद कुमार पहाड़पुर में रहता है। ग्रामीणों के मुताबिक ज्यादातर समय वह घर के बाहर ही रहता है। घर में 70 वर्षीय मां है। परिवार में पांच भाई हैं। सभी अपराध जगत से जुड़े हैं। अमर सिंह सबसे बड़ा है, वह लखनऊ में रहते हैं। अमरेंद्र गांव में खेती-बाड़ी करता है। फिर सुरेंद्र उसके बाद वीरेंद्र और सबसे छोटा अरविंद है। अरविंद अभी अविवाहित है। सुरेंद्र का भी विवाह नहीं हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार अरविंद कई वर्षों से अपराध जगत में सक्रिय है। वह ज्यादातर अपराध बाहरी जिलों में ही करता है।
हत्या व लूट की धारा बढ़ाई गई
मामले का खुलासा होने पर पुलिस ने हत्या व लूट की धारा बढ़ा दी है। जांच में इस बात का भी पता चला है कि अतुल के साथ चेन लूट जानकीपुरम स्थित आकांक्षा परिसर के पास हुई थी। वहीं से स्कूटी सवार कैफे संचालक बाइक सवार लुटेरों का पीछा कर रहे थे।