अंबेडकरनगर। राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत खुरपका व मुंहपका रोग से बचाव के लिए टीकाकरण अभियान सातवां चरण बृहस्पतिवार से शुरू होगा। यह अभियान 22 जनवरी से शुरू होकर 10 मार्च तक चलाया जाएगा।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि योजना के तहत चार माह से अधिक आयु के सभी गोवंशीय व महिष वंशीय पशुओं का टीकाकरण किया जाएगा। अभियान के सफल संचालन के लिए नौ ब्लॉकों में कुल 18 टीमें गठित की गई है। यह टीमें रोस्टर के मुताबिक ग्राम पंचायत स्तर पर टीकाकरण करेंगी। प्रत्येक टीम में उपमुख्य पशु चिकित्साधिकारी, पशु चिकित्सा अधिकारी को सुपरवाइजर बनाया गया है। इसके अलावा पशुधन प्रसार अधिकारी, प्रशिक्षित मैत्री व पैरावेट टीकाकरण का कार्य करेंगे। फीडिंग के समय पशुपालक के मोबाइल नंबर पर ओटीपी भी जाएगा, जिसमें पशु पालकों को सहयोग करना होगा। संवाद