फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP News: चाय, नाश्ता और सफर, रोडवेज की डबलडेकर बसों में शुरू होगी कैटरिंग; किराये में ही शामिल रहेगी सुविधा

Tue, 28 Jul 2026 09:07 AM IST
Bhupendra Singh नीरज 'अम्बुज', अमर उजाला, लखनऊ

सार

रेलवे की तर्ज पर यूपी रोडवेज की एसी डबलडेकर बसों में यात्रियों को कैटरिंग की सुविधा मिलेगी। रोडवेज प्रशासन इसकी तैयारी कर रहा है। प्रदेश में पहली बार यात्रियों को बसों में खानपान की सुविधा मिलेगी। यात्रियों की घटती संख्या को बढ़ाने के उद्देश्य से यह सुविधा शुरू की जाएगी। आगे पढ़ें पूरी खबर...
विज्ञापन
एसी डबल डेकर बसें (फाइल)
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अब वह दिन दूर नहीं, जब रोडवेज की एसी डबलडेकर बसों में यात्रियों को कैटरिंग की सुविधा मिलेगी। रेलवे की तर्ज पर रोडवेज प्रशासन इस पर मंथन कर रहा है। यह सुविधा यात्रियों की संख्या बढ़ाने के उद्देश्य से दी जाएगी। खास बात यह है कि यात्रियों से कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा।
विज्ञापन


रोडवेज के बेड़े में साधारण व लग्जरी सहित करीब 12 हजार बसें हैं। बेड़े को अत्याधुनिक बनाने के लिए गत वर्ष लखनऊ परिक्षेत्र के हिस्से में आठ डबलडेकर बसें शामिल की गईं। इसमें से एक जोड़ी बस अयोध्या रूट पर चलाई गई, जबकि शेष छह बसें बाराबंकी डिपो में खड़ी कर दी गईं। इन्हें अन्य रूटों पर दौड़ाना था, लेकिन इसी बीच अयोध्या रूट की डबलडेकर बसें बंद हो गईं। कारण बताया गया कि बस की स्पीड कम होने से यात्रियों का इससे मोहभंग हो गया।

यात्रियों का फीडबैक लिया जा रहा

अधिकारियों ने बताया कि बस की अधिकतम स्पीड 50 किमी प्रतिघंटे थी। बस भीड़भाड़ के बीच से होते हुए औसतन 40 से 45 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से ही चल पा रही थी। इसके कारण अयोध्या तक 140 किमी की दूरी तय करने में तीन से चार घंटे लग रहे थे, जबकि रोडवेज की अन्य बसें दो से ढाई घंटे में ही अयोध्या पहुंच रही हैं। हालांकि, प्रशासन ने एक बार फिर से बसों को सड़कों पर उतारा है और इस बार यात्रियों का फीडबैक लिया जा रहा है। सूत्र बताते हैं कि कैटरिंग सुविधा के लिए फीडबैक लेकर रिपोर्ट बनाई जा रही है।

स्पीड नहीं बढ़ा सकते, इसलिए बढ़ा रहे सुविधाएं

अधिकारियों की मानें तो एसी डबलडेकर बसों की स्पीड नहीं बढ़ाई जा सकती। स्पीड लिमिट से छेड़छाड़ होने पर बस दुर्घटना की शिकार हो सकती है। ऐसे में यात्रियों की संख्या बढ़ाने के उद्देश्य से सुविधाएं बढ़ाने पर बातचीत हो रही है। बस में कैटरिंग की सुविधा मिलने से यात्री आकर्षित होंगे, जिससे खर्च निकालने में मुश्किलें नहीं आएंगी।

पहली बार बसों में मिलेगी कैटरिंग

यह पहली बार होगा, जब उत्तर प्रदेश की रोडवेज बसों में रेलवे की तरह कैटरिंग की सुविधा दी जाएगी। अभी तक यात्री बसों के ढाबों पर रुकने पर ही खाना खाते थे।
विज्ञापन

सुविधाओं से भरपूर हैं डबलडेकर बसें

एसी डबलडेकर बस सुविधाओं से भरपूर है। इसमें एसी के साथ आरामदायक कुर्सियां हैं। बस की कुल सिटिंग क्षमता 64 है, जिसमें 35 ऊपर व 29 सीटें नीचे हैं। सेफ्टी व सिक्योरिटी के भी अच्छे इंतजाम हैं। बस की बैलेंसिंग अन्य बसों से काफी बेहतर है।

किराये में ही शामिल होगी कैटरिंग

एसी डबलडेकर बसों के किराये में ही कैटरिंग शामिल रहेगी। यात्रियों को खाने के पैकेट दिए जा सकते हैं। इसमें पेयजल, समोसा, लोकल फास्टफूड, मीठा, फ्रूटी, खस्ता, पूड़ी-सब्जी आदि व्यंजनों पर फोकस किया जा रहा है। बस में खानपान का सामान भी बेचा जा सकता है।

एसी डबलडेकर बसों को यात्रियों की पसंदीदा बस बनाने पर विचार किया जा रहा है। इसके लिए रेलवे की तर्ज पर बस में कैटरिंग दी जा सकती है। मुख्यालय स्तर पर विचार-विमर्श के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा। -विमल राजन, क्षेत्रीय प्रबंधक, रोडवेज
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें