कमांड हॉस्पिटल से शुरू होगा एलिवेटेड हाईवे।
- फोटो : amar ujala
कैंट इलाके में कमांड अस्पताल के सामने से गुजरने वाले करीब एक लाख वाहन चालकों को रोजाना जाम की समस्या झेलनी पड़ती है। इस परेशानी को दूर करने के लिए कमांड अस्पताल से बंगला बाजार चौराहे तक एलीवेटेड फ्लाईओवर बनाने का फैसला हुआ है।
जिलाधिकारी विशाख जी ने इसके प्रस्ताव को मंजूरी देकर शासन को कार्ययोजना में शामिल करने के लिए भेज दिया है। इस एलीवेटेड फ्लाईओवर के बनने से कमांड अस्पताल से पुरानी जेल होते हुए एयरपोर्ट तक आवागमन सुगम हो जाएगा। करीब तीन किमी लंबे पुल के निर्माण पर 575.16 करोड़ रुपये खर्च आने का अनुमान है।
ये भी पढ़े- Lucknow: शहर में सुबह से ही छाये रहे बादल... पड़ी बौछारें, फिर कुछ देर बाद ही साफ हो गया आसमान
एलीवेटेड फ्लाईओवर कमांड अस्पताल से पहले शुरू होगा। इससे कटाईपुल और फ्लाईओवर से आने वाले वाहन गुजर सकेंगे। इस पुल का प्रस्तावित निर्माण रूट कमान अस्पताल, कुवंर जगदीश चौराहा, पुरानी जेल होते हुए बंगला बाजार चौराहा है। सेतु निगम के अफसरों ने बताया कि फ्लाईओवर पर कमान अस्पताल से पहले चढ़कर बंगला बाजार चौराहे पर उतरने की व्यवस्था होगी।
...इसलिए पड़ी जरूरत
कैंट में कमांड अस्पताल के सामने से पुरानी जेल होकर एयरपोर्ट की ओर जाते वक्त वाहन चालकों को जबरदस्त जाम में उलझना पड़ता है। आमजन की इस समस्या को दूर करने के लिए रक्षामंत्री व सांसद राजनाथ सिंह ने कैंट में एलीवेटेड फ्लाईओवर बनाने का आदेश दिया। इसके बाद सेतु निगम ने इसका प्रस्ताव तैयार किया।
ये भी पढ़े- UP: जमीन के नाम पर निवेशकों के 49 हजार करोड़ हड़पने वाला गिरफ्तार, कई राज्यों में थीं कंपनी की शाखाएं
मंजूरी मिलते ही शुरू हो जाएगी कार्रवाई
शासन से इस फ्लाईओवर को कार्ययोजना में शामिल करने की मंजूरी मिलते ही सेतु निगम की कार्रवाई शुरू हो जाएगी। हालांकि, सेतु निगम के लिए कमांड अस्पताल के सामने से एलीवेटेड फ्लाईओवर बनाना चुनौती साबित होगा। इसका कारण है कि फ्लाईओवर का जितना हिस्सा कैंट की जमीन पर बनेगा, उसकी जमीन सेना से मिलना आसान नहीं होगा।