लखनऊ। भुवनेश्वर से वाराणसी जा रहे इंडिगो के विमान को ईंधन कम होने का संकेत मिलने पर लखनऊ डायवर्ट कर दिया गया। अमौसी एयरपोर्ट पर इसकी सुरक्षित लैंडिंग करवाई गई। ईंधन भरवाकर करीब 12 घंटे बाद विमान रवाना किया गया।
इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट 6ई-2452 शाम 6:50 बजे भुवनेश्वर से उड़ान भरकर रात 8:10 बजे वाराणसी पहुंचती है। शुक्रवार को इसने भुवनेश्वर से 175 यात्रियों के साथ तय समय पर उड़ान भरी। वाराणसी पहुंचने से पहले पायलट-इन-कमांड की ओर से ईंधन कम होने की सूचना एयर ट्रैफिक कंट्रोलर को दी गई। इस पर विमान लखनऊ डायवर्ट करने के निर्देश दिए गए। रात 9:10 बजे विमान अमौसी एयरपोर्ट पर उतारा गया। इसके बाद ईंधन भरने के साथ विमान की तकनीकी जांच भी हुई। विमान को वाराणसी के लिए शनिवार सुबह 9:22 बजे रवाना किया गया। ...इसलिए कम हो गया था ईंधन
सूत्र बताते हैं कि भुवनेश्वर से वाराणसी पहुंचने के बाद विमान को लैंडिंग के लिए रनवे खाली नहीं मिला। इस कारण उसे हवा में कई चक्कर काटने पड़े। इस वजह से ईंधन कम हो गया और इसका संकेत मिलते ही पायलट ने एटीसी को सूचित किया। इसके बाद विमान लखनऊ भेज दिया गया।