लखनऊ। मुंबई में साप्ताहिक लॉकडाउन से वहां रह रहे लोग तेजी से उत्तर प्रदेश लौट रहे हैं और यहां से मुंबई जाने से लोग बच रहे हैं। इससे जहां मुंबई से आने वाली ट्रेनों में सीटों की मारामारी जारी है वहीं लखनऊ से मुंबई जाने वाली गाड़ियों में आसानी से सीटें मिल जा रही हैं। यही नहीं इसके चलते मुंबई की फ्लाइट का किराया भी कम हो गया है।
लखनऊ से मुंबई जाने 02533 पुष्पक में मंगलवार से आगे स्लीपर में सीटें खाली हैं, सेंकेड क्लास में सिर्फ 18 वेटिंग तथा एसी थ्री में पांच वेटिंग चल रही है। 02597 गोरखपुर पूजा स्पेशल में 6, 7 व 8 अप्रैल को सकेंड क्लास में सीटें खाली, एसी में दो वेटिंग है, 02541 गोरखपुर से एलटीटी वाया लखनऊ में इन तारीखों पर स्लीपर में सीटें खाली तो एसी में आरएसी चल रही है। 01016 कुशीनगर एक्सप्रेस में 7 अप्रैल को सभी श्रेणियों में मामूली वेटिंग तथा 02108 लखनऊ सुपरफास्ट में 8 अप्रैल को सभी श्रेणियों में सीटें खाली हैं। इससे रेलवे मुंबई के लिए जो अतिरिक्त ट्रेनें चलाने की तैयारी कर रहा था, वह भी रोक दी गई है।
4500 में मिल रही फ्लाइट
लखनऊ से मुंबई की फ्लाइट का किराया होली के आसपास जहां आठ से 10 हजार रुपये था, अब यह घटकर 4500 पहुंच गया है। मंगलवार को लखनऊ से मुंबई जाने वाली गो एयर की फ्लाइट 4519 रुपये की है। वहीं इंडिगो की 5143 रुपये, विस्तारा की 6010 रुपये की है। उधर, मुंबई से आने वाली फ्लाइट में किराया महंगा है।