चर्चित ब्रांड के ब्रेड पैकेट में मक्खियां मिलने के बाद फैक्ट्री से लिया गया सैंपल जांच से पहले ही ‘फेल’ हो गया।
प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया के दौरान ही सैंपल को चूहों ने कुतर डाला। इसका खुलासा पैकेट प्रयोगशाला पहुंचने पर हुआ।
इसके बाद सैंपल को प्रयोगशाला जांच के लिए योग्य न मानते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) शाखा ने आपत्ति जताते हुए वापस भेज दिया।
इसके साथ ब्रेड फैक्ट्री के खिलाफ कार्रवाई भी कुछ दिन के लिए ठंडे बस्ते में चली गई।
मॉर्डन स्पेशल नामक ब्रेड के पैकेट में मृत मक्खियां मिलने की शिकायत पर एफएसडीए ने गौरी फूड्स ब्रेड फैक्ट्री से उक्त सैंपल लिया था।
यह शिकायत लोकायुक्त कार्यालय के अनुसचिव एके सिंघल ने आठ जुलाई को की थी।
गोमती नगर निवासी एके सिंघल ने बताया कि नेहरू इन्क्लेव के पास स्थित दिनेश जनरल स्टोर से ब्रेड का पैकेट खरीदा था।
पैकेट खोलने से पहले सिंघल की नजर पैकेट के अंदर मृत मक्खियों पर पड़ी।
यह देख उन्होंने ब्रेड पैकेट नहीं खोला और कंपनी के हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत की लेकिन उनके स्तर से कोई कार्रवाई नहीं हुई।
कंपनी के रुख से नाराज सिंघल ने अगले दिन एफएसडीए में लिखित शिकायत की और जांच के लिए ब्रेड पैकेट अधिकारियों के सुपुर्द किया।
इसके बाद हरकत में आए एफएसडीए ने मोहिबुल्लापुर रेलवे क्रासिंग के पास स्थित गौरी फूड्स की ब्रेड फैक्ट्री में छानबीन की और वहां मौजूद ब्रेड के सैंपल लिए।
सैंपल को सील कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया जो वहां पहुंचा तो लेकिन फेल होकर। इसकी जानकारी प्रयोगशाला से सैंपल लौटाए जाने पर हुई।
फएसडीए सूत्रों के मुताबिक प्रयोगशाला से बताया कि डाक द्वारा उनके पास पहुंचने की प्रक्रिया के दौरान सैंपल पैकेट को चूहों ने कुतर डाला इसलिए उसकी जांच संभव नहीं है।
इस मामले में जानकारी करने पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी जेपी सिंह ने बताया कि उनके पास ब्रेड के दो अन्य सैंपल मौजूद हैं, क्योंकि किसी भी खाद्य पदार्थ के चार सैंपल लिए जाते हैं।