सुल्तानपुर से तस्करी कर कोलकाता ले जाए जा रहे भारी मात्रा में कछुओं के साथ दो महिला सहित पांच तस्कर पकड़े गए हैं। अमेठी पुलिस, एसओजी व वन विभाग की संयुक्त टीम ने तस्करों से पूछताछ शुरू कर दी है। यह कछुए बैग में भरकर ले जाए जा रहे थे।
पुलिस के मुताबिक इनपुट मिले थे कि कुछ तस्कर सुल्तानपुर से अमेठी होकर ट्रेन के जरिए कोलकाता कछुओं की तस्करी कर ले जा रहे हैं। इस पर अमेठी पुलिस, एसओजी व वन विभाग की टीम ने सक्रिय हुई। टीम ने इनपुट के मुताबिक अमेठी बाईपास के पास एक आटो रिक्शा रोका। उस पर सवार लोगों से पूछताछ की और तलाशी ली तो कछुआ तस्करी का बड़ा मामला प्रकाश में आया।
ये भी पढ़ें - तस्वीरों में देखें: 100 साल बाद किस हाल में है काकोरी स्टेशन, जहां क्रांतिकारियों ने लूटा था अंग्रेजों का खजाना
ये भी पढ़ें - सीआरपीएफ श्रीनगर में तैनात अयोध्या के लाल का निधन, शव गांव पहुंचा तो मच गया कोहराम
पुलिस सूत्रों के मुताबिक पकड़े गए लोगों में सुल्तानपुर जिले के पकरी गांव निवासी महिला कंचन, महतिन उर्फ मीरा, महेश, अमर व प्रकाश हैं। इन लोगों की तलाशी ली गई तो इनके बैगों से 66 छोटे कछुए व 13 कछुए बरामद हुए। पुलिसिया पूछताछ में इन लोगों ने बताया कि वह लोग सुल्तानपुर से कछुओं को एकत्र किया था। इन बेशकीमती कछुओं को तस्करी कर कोलकाता ले जाया जा रहा था। कोलकाता जाने के लिए यह लोग अमेठी पहुंचे थे।
अमेठी रेलवे स्टेशन से पंजाब मेल ट्रेन से इनको गंतव्य के लिए जाना था। इसी बीच पुलिस ने दबोच लिया। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। एएसपी हरेंद्र प्रताप ने बताया कि कछुआ तस्करी के मामले में पांच लोग पकड़े गए हैं। पूछताछ की जा रही है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।