लखनऊ। कोहरे के चलते ओवरहेड 33 हजार वोल्ट की बिजली लाइन के इंसुलेटर क्षतिग्रस्त होने के कारण आपूर्ति में व्यवधान आना शुरू हो गया है। राजधानी में 24 घंटे के भीतर पांच उपकेंद्र ठप होने से 50 हजार उपभोक्ताओं की बिजली गुल हो गई। 11 केवी लाइन में भी फॉल्ट आने से बिजली व्यवस्था पटरी से उतरी। हालांकि, वैकल्पिक स्रोत से ठप बिजली आपूर्ति को जल्दी ही सामान्य कर लिया गया।
बृहस्पतिवार और शुक्रवार को जिन उपकेंद्र की बिजली ठप हुई, उनमें अवध विहार योजना वृंदावन, सरोजनीनगर के मेमोरा, हरदोई रोड के आजादनगर, जानकीपुरम के सेक्टर आई, अलीगंज के गोयल चौराहा उपकेंद्र शामिल थे। इनमें गोयल चौराहा उपकेंद्र की बिजली महज 10 मिनट में ही दूसरे स्रोत से चालू कर दी गई, अन्य में 15 से 45 मिनट का समय लगा। इससे जानकीपुरम, बालागंज, वृंदावन कॉलोनी, जैतीखेड़ा, अलीगंज के उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।
उधर, विभूतिखंड के जीएसटी फीडर, नादरगंज के सुनहरा, इंदिरानगर के एलआईसी, गोमतीनगर विस्तार सेक्टर चार से सीएसएस-5 फीडर में फॉल्ट आने से आपूर्ति बाधित हुई। सबसे ज्यादा परेशानी गोमतीनगर विस्तार के लोगों को उठानी पड़ी। गोमतीनगर विस्तार सेक्टर चार उपकेंद्र इलाके में एलटी लाइन क्षतिग्रस्त होने से उपभोक्ता परेशान हुए।