लखनऊ। हसनगंज में रविवार को मां-पिता की डांट से रूठने पर पांच भाई-बहनों ने घर छोड़ दिया। कहीं कुछ पता नहीं चलने पर डालीगंज निवासी बरौलिया निवासी मो. जसीम ने पुलिस से मदद की गुहार लगाई। पुलिस ने पांचों को दो घंटे में खोजकर उन्हें उनके पिता के हवाले कर दिया।
मो. जसीम ने बताया कि उनके पांच बच्चे घर के पास बने तिकोनिया पार्क में खेलने गए थे। शाम करीब चार बजे वे एक ई रिक्शा चालक के साथ चले गए। बच्चे जब काफी देर तक घर नहीं लौटे तो काफी चिंता हुई। कई जगह खोजा पर कहीं कुछ पता नहीं चल सका। मामले की सूचना पुलिस को दी। इंस्पेक्टर हसनगंज चितवन कुमार ने बताया कि बच्चों की तलाश में पुलिस की चार टीमें गठित की गईं। पार्क और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने पांचों बच्चों को सकुशल खोज लिया। बच्चों ने बताया कि माता-पिता की डांट से नाराज होकर वे घूमने निकले थे। बच्चों ने ई रिक्शा चालक को पहले से जानने की बात भी बताई। डीसीपी सेंट्रल विक्रांत वीर ने बताया कि पुलिस ने बच्चों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस टीम को 25 हजार रुपये की इनाम से पुरस्कृत किया जाएगा।