अवध चौराहा स्थित गेस्ट हाउस में बृहस्पतिवार को केंद्रीय श्री गुरु सिंह सभा के प्रांतीय अधिवेशन
लखनऊ। केंद्रीय श्री गुरु सिंह सभा की ओर से बृहस्पतिवार को वीआईपी रोड अवध चौराहा स्थित गेस्ट हाउस में प्रांतीय अधिवेशन हुआ। मुख्य अतिथि केंद्रीय श्री गुरु सिंह सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. शाम सिंह ने सिख समाज के एकजुट होने का आह्वान किया। विधानमंडल में सिख समाज के लिए पांच सीटें आरक्षित करने की मांग की। इस संबंध में संगठन ने अपने मांगों से संबंधित ज्ञापन मुख्यमंत्री को प्रेषित किया।
उन्होंने पंजाबी और सिंधी भाषा व ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के लिए अनुसंधान केंद्र की स्थापना की मांग की। कहा कि सिख विरासत संग्रहालय एवं प्रदर्शनी केंद्र की स्थापना की जानी चाहिए। पंजाबी और सिंधी विषयों में पीएचडी की शुरुआत की जाए। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए संगठन के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधान परिषद सदस्य कुलदीप सिंह ने कहा कि उप्र. सिख अल्पसंख्यक आयोग का अलग से गठन हो। कार्यक्रम में केंद्रीय सभा के महासचिव डॉ. खुशहाल सिंह, वित्त सचिव सरदार गुरप्रीत सिंह, कानपुर महानगर के प्रधान सिमरनजीत सिंह, लखनऊ गुरुद्वारों के प्रधान निर्मल सिंह, हरपाल सिंह जग्गी, डाॅ. गुरमीत सिंह आदि ने अपने विचार रखे।