सड़क हादसों में पांच लोगों की मौत
लखनऊ। राजधानी के विभिन्न थानाक्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में पांच लोगों की मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना पर मृतकों के परिजनों में रोना-पीटना मच गया।
लखीमपुर खीरी के निघासन निवासी राजा उर्फ पप्पू कश्यप (48) बंथरा के बनी में किराये पर पत्नी चंदा देवी के साथ रहते थे। वह पास में ही बने ढाबे पर काम करते थे। रविवार रात करीब दस बजे वह साइकिल से काम पर जा रहे थे। रास्ते में पिकअप की टक्कर से उनकी मौत हो गई। वहीं, उन्नाव के असोहा में रहने वाली माया देवी (50) सोमवार सुबह बेटे विकास के साथ बाइक से इलाज कराने लखनऊ आ रही थीं। सुबह करीब साढ़े नौ बजे बंथरा में उम्मेद खेड़ा गांव के पास तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से माया की मौत हो गई। विकास मामूली रूप से चोटिल हो गए। आरोपी चालक डंपर छोड़कर भाग निकला।
आलमबाग निवासी इरफान (34) डाला चलाते थे। वह सोमवार शाम करीब 4:15 बजे दोस्त आलमबाग निवासी सर्वेश के साथ बाइक से सरोजनीनगर के कंचनपुरी में रहने वाले अपने जीजा से मिलने जा रहे थे। एयरपोर्ट वीआईपी तिराहे के पास एलपीजी सिलिंडर से लदे ट्रक की टक्कर से इरफान की मौत हो गई। आरोपी चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला। हादसे के कारण लखनऊ से कानपुर जाने वाली पटरी पर कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने थोड़ी देर में यातायात सामान्य कराया।
एक्सप्रेस-वे के पास और गोसाईंगंज में हुईं दुर्घटनाएं
काकोरी के शिवरी पानखेड़ा निवासी छेदालाल (42) मजदूरी करते थे। उनके भाई रोशन लाल ने बताया कि भाभी शांति की चार साल पहले बीमारी से मौत हो गई थी। तब से भाई की दोनों बेटियां जानू व जैशू सरोसा गांव में नानी रामेश्वरी के साथ रह रही हैं। रविवार शाम छेदालाल बेटियों से मिलने गए थे। लौटने के दौरान आगरा एक्सप्रेस-वे के पास हादसे का शिकार हो गए। दूसरी ओर, बाराबंकी में देवा के गंगवार गांव निवासी सुनील कुमार (26) मानसिक रूप से बीमार थे। रविवार रात वह गोसाईंगंज के कोडरा गांव के पास घूम रहे थे। तभी अज्ञात वाहन की टक्कर से उनकी जान चली गई।
हादसे में घायल दूध कारोबारी ने तोड़ा दम
आशियाना के औरंगाबाद जागीर निवासी राम आधार (55) दूध कारोबारी थे। उनके बेटे सचिन ने बताया कि बीते बृहस्पतिवार शाम को पिता साइकिल से दूध बेचकर लौट रहे थे। शहीद पथ औरंगाबाद के पास बेकाबू कार की टक्कर से पिता जख्मी हो गए। ट्रॉमा सेंटर में रविवार देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया।