लखनऊ। चिनहट स्थित गंगा विहार कॉलोनी निवासी मोहम्मद रेहान को विदेश में स्थायी नौकरी दिलाने का झांसा देकर पांच लाख रुपये की ठगी कर ली गई। उन्होंने बुधवार को एफआईआर दर्ज कराई है।
रेहान ने बताया कि वर्ष 2024 में मुस्तफा ओवरसीज टूर एंड ट्रेवल्स ने सऊदी अरब में स्थायी नौकरी दिलाने के नाम पर अब्दुल्ला से मिलवाया। नौकरी का झांसा देकर एजेंसी से जुड़े लोगों ने अलग-अलग किस्तों में करीब पांच लाख रुपये ले लिए। आरोप है कि पीड़ित को स्थायी रोजगार वीजा देने के बजाय केवल 90 दिन का विजिट वीजा देकर 29 मई 2024 को भेज दिया गया। वहां स्थानीय पुलिस ने वीजा शर्तों के उल्लंघन के आरोप में उन्हें हिरासत में ले लिया। बाद में 12 मई 2025 में उन्हें भारत निर्वासित कर दिया गया। यहां लौटने के बाद भी एजेंसी संचालकों ने रुपये लौटाने से इन्कार कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। कस्बा चौकी इंचार्ज तेज कुमार शुक्ला के मुताबिक घटना की जांच की जा रही है।