लखनऊ। लोहिया संस्थान के कार्डियोलॉजी विभाग में 15 साल के दौरान पांच लाख मरीजों को ओपीडी में परामर्श दिया गया, जबकि 51 हजार से अधिक मरीजों को भर्ती कर इलाज किया गया। वर्ष 2026 में अब तक 57 हजार से अधिक मरीज ओपीडी में पहुंचे और छह हजार मरीज भर्ती किए गए। शुक्रवार को विभाग के 15वें स्थापना दिवस समारोह में विभागाध्यक्ष डॉ. भुवन चंद्र तिवारी ने ये आंकड़े साझा किए।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2011 में शुरू हुए विभाग में अब एआई आधारित ओसीटी, आईवीयूएस से एंजियोप्लास्टी, एक्साइमर लेजर एंजियोप्लास्टी और हार्ट वाल्व से जुड़ी जटिल प्रक्रियाओं की सुविधा है। यहां 24 घंटे इमरजेंसी सेवाएं उपलब्ध हैं। डीएम कार्डियोलॉजी की सीटें भी एक से बढ़कर आठ हो गई हैं। हार्ट फेल्योर, फेफड़ों की धमनियों में उच्च रक्तचाप और पेसमेकर मरीजों के लिए विशेष क्लीनिक संचालित हैं। स्टेमी केयर यूपी कार्यक्रम के तहत दूरदराज के क्षेत्रों में हार्ट अटैक के मरीजों को इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है।
संस्थान के निदेशक डॉ. सीएम सिंह ने विभाग के विशेष गीत ‘केयरिंग हार्ट्स’ का लोकार्पण किया। बेहतर सेवाओं के लिए नर्सिंग अधिकारियों, टेक्नीशियन और वार्ड अटेंडेंट्स को सम्मानित किया गया। इस दौरान सीएमएस डॉ. विक्रम सिंह, कार्यकारी कुलसचिव डॉ. सुब्रत चंद्र मौजूद रहे।