लखनऊ। काकोरी के जलियामऊ गांव में शुक्रवार को श्रमिक सोनू धीमान उर्फ सोनू कोरी (30) ने घर में फंदा लगाकर जान दे दी। इंस्पेक्टर काकोरी सतीश राठौर के मुताबिक, सोनू ने बांस की सीढ़ी के सहारे छत के कुंडे में रस्सी बांधकर फंदा लगा लिया। शुक्रवार सुबह पुलिस को घटना की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम की जांच में पता चला कि सोनू की पत्नी लाली उर्फ बिटान दुर्गागंज गांव स्थित मायके गई हुई थीं। सोनू की शादी करीब चार वर्ष पहले हुई थी। वह माता-पिता से अलग मकान में रहते थे।
ससुराल पक्ष पर मारपीट का आरोप
सोनू की बहन सीमा के मुताबिक, भाई दूज पर सोनू पत्नी को लेकर ससुराल गया था। लौटने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे खून की उल्टियां हुईं। छोटे भाई शुभम के पूछने पर सोनू ने ससुराल पक्ष के लोगों पर मारपीट और बेइज्जती करने का आरोप लगाया था। सीमा ने ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। इंस्पेक्टर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।