यूपी में अगले वर्ष 500 ई-प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (ई-पीएचसी) खोले जाएंगे। ये प्राथमिक केंद्र पूरी तरह से ऑनलाइन होंगे। इसमें सभी तरह के रोगों का इलाज होगा। साथ ही गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीज टेलीमेडिसिन के जरिए केजीएमयू व आंध्र प्रदेश के विशेषज्ञ चिकित्सकों से भी सलाह ले सकेंगे।
चिकित्सा स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने सोमवार को ये जानकारी दी। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि ‘स्वास्थ्य आपके घर’ की मुहिम की शुरुआत स्वास्थ्य सेवाओं के डिजिटलीकरण के माध्यम से हो चुकी है। लखनऊ में दो, इलाहाबाद में एक ई-पीएचसी खोली जा चुकी हैं। अन्य जिलों में भी इसके विस्तार की तैयारी है।
उन्होंने बताया कि निजी अस्पतालों में मरीजों के लिए जिस तरह की सुविधाएं हैं। उसी प्रकार की सुविधाएं सरकारी अस्पतालों में विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ई-पीएचसी पर मरीजों को जांच की सुविधा भी मिलेगी। स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सक के साथ सभी स्टाफ की उपस्थिति बॉयोमीट्रिक पद्धति से दर्ज होगी।