पोलिंग बूथ जा रहे ट्रक के ऊपर बैठे पांच होमगार्ड जवान मंगलवार शाम हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर झुलस गए।
जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
परसपुर इलाके में स्थित पोलिंग बूथ खरथरी, हरदीटांड व गुरेटी के लिए पोलिंग पार्टियां मंगलवार शाम ट्रक से रवाना हुईं थीं।
ट्रक पर तीन पीठासीन अधिकारी सहित हर पोलिंग बूथ के चार-चार मतदान कार्मिक, पुलिस बल व होमगार्ड सवार थे।
इसमें से शाहजहांपुर निवासी होमगार्ड विनोद यादव (38), रघुनंदन (45), रामदेव मिश्र (50), रामनाथ (50) और अशोक सिंह (27) ट्रक के ऊपर बैठे थे।
ट्रक जैसे ही सेमरी कला गांव के पास पहुंचा पांचों होमगार्ड जवान बिजली की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आए गए और झुलस गए।
पांचों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉ. दीपक कुमार के अनुसार विनोद की हालत गंभीर है।
उधर, करनैलगंज के उपखंड अधिकारी एसके साहू का कहना है कि पांचों होमगार्ड ट्रक के ऊपर बैठे थे।
जिस जगह पर हादसा हुआ, वहां नहर की पुलिया पड़ती है। नहर पुलिया के दोनों ओर लोहे के खंभे लगे हैं।