चारबाग में पांच बच्चों के साथ संदिग्ध को दबोचा
क्रासर- चारबाग पर पकड़ा गया पांच बच्चों के साथ संदिग्ध
- जीआरपी ने बच्चों को छुड़ा, रेलवे चाइल्ड लाइन को सौंपा, बालगृह में आश्रय
अमर उजाला ब्यूरो
लखनऊ। चारबाग रेलवे स्टेशन के प्लेट फार्म छह पर पांच नाबालिग बच्चों के साथ एक संदिग्ध को जीआरपी पुलिस ने धर दबोचा। संदिग्ध जीआरपी चारबाग की हिरासत में है। बच्चों को रेलवे चाइल्ड लाइन को सौंपा गया है। बाल कल्याण समिति के निर्देश पर पांचों बच्चों को राजकीय बालगृह बालक व बालगृह शिशु में आश्रय दिलाया गया है।
रेलवे चाइल्ड लाइन के विजय ने पांचों बच्चों को बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया। सुधा रानी ने बताया कि इसमें आठ से 13 साल के बच्चे हैं। इन्हें मानव तस्करी के तहत ले जाया जा रहा था। इसमें चार बच्चे जौनपुर व एक हरदोई का है। चार बच्चे जिनकी उम्र 13 साल है उन्हें राजकीय बालगृह बालक मोहान रोड पर आश्रय दिलाया गया है। जबकि एक 8 वर्षीय बच्चे को राजकीय बालगृह शिशु प्राग नारायण रोड पर आश्रय दिलाया गया है। सुधा रानी का कहना है कि बच्चों ने बताया कि वह व्यक्ति उन्हें मुंबई में किसी कारखाने में काम दिलाने ले जा रहा था। जबकि बच्चों को ले जा रहा व्यक्ति खुद को बच्चों का चचा बता रहा है। जीआरपी मामले की जांच कर रही है।