लखनऊ। जानकीपुरम थाना क्षेत्र में लॉकडाउन के दौरान चोरी-छिपे बीयर व शराब की बिक्री कर रहे पांच युवकों को पुलिस टीम ने गुरुवार रात धर दबोचा। आरोपियों के पास से 550 पेटी बीयर और होंडा सिटी कार बरामद हुई है। पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया है।
जानकीपुरम इंस्पेक्टर बृजेश सिंह ने बताया कि क्षेत्र के सेक्टर-2 स्थित सौभाग्य जलसा मैरिज हॉल से चोरी-छिपे बीयर व शराब की अवैध बिक्री की सूचना मिली थी। इस पर पुलिस टीम ने वहां छापा मारकर 550 पेटी बीयर के साथ 5 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि मौके से मोहित वर्मा निवासी बैसवारा चंदियामऊ गोमतीनगर, अभिषेक यादव व विपिन यादव निवासी वैभव खंड, गोमतीनगर, अंकित यादव निवासी जियामऊ हजरतगंज और प्रशांत निवासी विभूतिखंड, थाना गोमतीनगर को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी इतनी बड़ी मात्रा में बीयर कहां से लाए और इसकी बिक्री कहां और कैसे करते थे, इस बारे में पूछताछ की जा रही है।