लखनऊ। हसनगंज के रामकृष्ण मठ के पास पांच जनवरी की रात को बाइक सवार बदमाशों ने सराफा कारोबारी अजय अग्रवाल के कर्मचारियों से जेवरात व नकदी लूट ली थी। पुलिस ने इस वारदात का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को दबोच लिया। उनके पास से नकदी, कार व असलहा बरामद किया है। सोमवार को पांचों को जेल भेज दिया है।
डीसीपी उत्तरी रईस अख्तर के मुताबिक ,चौक खुनखुन जी रोड निवासी अजय अग्रवाल सराफा के कारोबारी हैं। उनकी दुकान चौक में ज्वेल पैलेस केनाम से है। अजय अग्रवाल ने 5 जनवरी की रात को पुलिस को सूचना दी कि उनके कर्मचारी प्रमोद श्रीवास्तव और पवन कुमार पांडेय बाइक से दुकान से नकदी लेेकर जा रहे थे। डालीगंज होते हुए मल्होत्रा जी के मकान के सामने ब्लड बैंक के पास पहुंचे थे। तभी बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर बैग छीन लिया। इस दौरान थैला फट गया। जिससे रुपये बिखर गये।
इसी दौरान बदमाशों ने कर्मचारियों पर हमला कर 40 हजार रुपये लूट लिया। एडीसीपी उत्तरी राजेश कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आसपास केसीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गये। जिसमें बदमाशों की तस्वीर सामने आई। इस आधार पर पुलिस ने तलाश शुरू की। पुलिस ने सोमवार को मड़ियांव के फैजुल्लागंज के राजीव श्रीवास्तव, हसनगंज के अब्दुल मोमिन, सौरभ मिश्रा उर्फ कल्लन, मेराज गाजी और बाराबंकी के अनमोल अवस्थी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटी गई रकम से 18000 रुपये व दो कारें बरामद की है। पूछताछ में आरोपियों ने कुबूल किया कि गिरोह ने ही नवंबर में डेढ़ किलो चांदी चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। इसके अलावा इंदिरानगर व गाजीपुर इलाके में भी कई वारदात कर चुकेहैं।