सरयू तट स्थित राम की पैड़ी में शुक्रवार को हजारों की संख्या में बड़ी मछलियां मर गईं। इनको बोरे में भरकर ले जाने के लिए यहां भीड़ लग गई।
सूचना पर पहुंची डीएम किंजल सिंह ने मौके पर पहुंचकर हकीकत देखी। सिंचाई विभाग के अफसरों को कड़ी फटकार लगाई। पैड़ी की सफाई के लिए फैजाबाद व अयोध्या नगर पालिका के लगभग सौ कर्मचारियों को लगाया गया। मछलियों के मरने का कारण पैड़ी में जलस्तर गिरने, पानी का बहाव रूकने और गंदगी को माना जा रहा है।
शुक्रवार की सुबह अयोध्या में रामकी पैड़ी में तमाम मछलियां उतराई हुई पाई गईं तो हलचल मच गई। मरी मछलियों की लूट मच गई। पांच से छह किलों तक की मछलियों को लोग बोरे में भरकर ले जाने लगे। इसकी सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
हाल ही में मेले के दौरान डीएम ने अभियान चलाकर इसकी सफाई कराई थी। मछलियों के मरने की खबर पर पुलिस के लोग पहुंचे इसके बाद डीएम 11 बजे यहां पहुंची। उन्होंने स्वयं हकीकत देखी।