हर साल की तरह इस बार भी हज यात्रा खर्च से यात्रियों की जेब
हल्की होगी। हज कमेटी ऑफ इंडिया ने आवेदन के साथ पहले ही हज आवेदकों को
पांच हजार का झटका दिया है।
अब पहली किश्त 76 हजार रुपये नहीं बल्कि 81
हजार रुपये देनी होगी। राज्य हज कमेटी का मानना है कि हज यात्रा के खर्च पर
इसका असर पड़ेगा।
हज यात्रा 2013 में
आवेदन के समय 76 हजार रुपये मांगे गए थे, लेकिन इस बार हज आवेदन के साथ 81
हजार रुपये का ड्राफ्ट लगाने को कहा गया है।
हज कमेटी ऑफ इंडिया ने यह भी
संकेत दिए हैं कि यात्रा के दौरान सुविधाएं बढ़ाने को लेकर हज यात्रा खर्च
में बढ़ोतरी की जा सकती है।
राज्य हज कमेटी भी इस मामले में हज कमेटी ऑफ
इंडिया को जिम्मेदार ठहराते हुए खर्च में फिर बढ़ोतरी से इन्कार नहीं कर
रही है। हालांकि अभी साफ नहीं किया जा रहा है कि यात्रा में कितना खर्च
बढ़ेगा।
राज्य कमेटी के हज अधिकारी तनवीर अहमद का कहना है कि अभी से तय
नहीं किया जा सकता कि कितना किराया बढ़ेगा लेकिन यह तय है कि आवेदन के साथ
आवेदकों को पहली किश्त 76 नहीं बल्कि 81 हजार ही जमा करनी होगी।