लखनऊ के पहले और आखिरी डिप्टी मेयर अभय सेठ समेत दो लोगों की मौत हो गई। इसके साथ राजधानी में कोरोना से मरने वालों की संख्या 22 हो गई है। वहीं, सोमवार को रिकॉर्ड एक साथ 79 मरीज मिले। इससे पहले चार जुलाई को 78 मरीज मिले थे। वहीं, राजधानी में कुल मरीजों की संख्या 1437 हो गई है। इसमें 1225 यहीं के हैं।
भाजपा नेता अभय सेठ 29 जून को संक्रमण की चपेट में आए थे। उनके परिवार के सात लोगों की जांच की गई तो पत्नी भी पॉजिटिव निकली। दोनों को एसजीपीजीआई में भर्ती कराया गया, जहां सोमवार को अभय सेठ की मौत हो गई। वहीं, मूल रूप से बाराबंकी के सतरिख निवासी मंडी परिषद में लिपिक 48 वर्षीय राजकिशोर को गंभीर अवस्था में रविवार रात 10.30 बजे ट्रॉमा सेंटर लाया गया।
केजीएमयू के मीडिया प्रभारी डॉ. सुधीर सिंह ने बताया कि स्क्रीनिंग होल्डिंग एरिया में भर्ती करने के बाद रात एक बजे लिपिक को इमरजेंसी मेडिसिन विभाग लाया गया। मरीज अस्थमा और मधुमेह पीड़ित था। लोअर रेस्पिरेट्री ट्रैक्ट इनफेक्शन से उसकी स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही थी। एंटीजन टेस्ट में कोरोना की पुष्टि हुई। सोमवार दोपहर 12.48 बजे उसकी मौत हो गई।
नए मरीजों में 18 एंबुलेंसकर्मी
चार जुलाई को 102 एंबुलेंस के 32 कर्मचारी पॉजिटिव आने पर 100 लोगों के सैंपल लिए गए थे। इनमें से 18 सोमवार को संक्रमित निकले। वहीं, मड़ियांव थाने के एक सिपाही, पुलिस लाइन के छह और होमगार्ड मुख्यालय के चार लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। सिग्नेचर बिल्डिंग के दो लोग पॉजिटिव निकले।
यहां मिले मरीज: सर्वोदय नगर के छह, इंदिरानगर के आठ, एलडीए कॉलोनी के चार, बालागंज के दो, चौक में चार, जानकीपुरम में नौ, कल्याणपुर में तीन, राजाजीपुरम में दो, अमीनाबाद में दो, कृष्णानगर व गोमती नगर में एक-एक मिला।
मंत्री की बेटी भी संक्रमित: कैबिनेट मंत्री मोती सिंह की बेटी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। आठ लोग संक्रमित निकल चुके हैं।
स्वास्थ्य भवन में तीन पॉजिटिव: स्वास्थ्य भवन में तीन संक्रमित मिले। इसमें एक डॉक्टर व दो कर्मचारी है। इससे पहले यहां टीबी सेल का कर्मचारी और महामारी सेल की एक डॉक्टर पॉजिटिव मिल चुकी है।
कैंसर पीड़िता निकली पॉजिटिव, सर्जरी रोकी
924 लोगों के लिए सैंपल: सोमवार 924 लोगों के सैंपल लिए गए। यह एक दिन में सर्वाधिक सैंपलिंग की संख्या है। वहीं, विभिन्न अस्पतालों से 40 मरीज डिस्चार्ज किए गए।
बिजली उपकेंद्र तक पहुंचा संक्रमण: महानगर स्थित सुभाष पार्क बिजली उपकेंद्र का ऑपरेटर संक्रमित निकला है। उसके परिवार के छह पहले पॉजिटिव हैं। महानगर के अधिशासी अभियंता आरके मिश्रा ने सभी कर्मचारियों की जांच की मांग की है।
केजीएमयू में भर्ती पित्त की थैली के कैंसर से पीड़ित 55 वर्षीय महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर सर्जरी रोक दी गई है। साथ ही आठ चिकित्सकों और 8 कर्मचारियों को क्वारंटीन किया गया है।
सूचना निदेशालय व नवीन मंडी सील
सूचना निदेशालय का कर्मचारी पॉजिटिव मिलने के बाद यहां के 36 लोगों की जांच कराई गई। निदेशालय को सैनिटाइज कर 24 घंटे के लिए बंद कर दिया गया है। वहीं, सीएमओ ने बताया कि ट्रॉमा सेंटर के होल्डिंग एरिया में जिस मरीज की मौत हुई वह सीतापुर रोड स्थित नवीन गल्ला मंडी में काम करता था। ऐसे में मंडी को 24 घंटे के लिए बंद कर दिया गया है।