हनुमान भक्तों के लिए साल का सबसे बड़ा पर्व बड़ा मंगल इस बार भी आस्था, भक्ति और सेवा के संगम के साथ मनाया जाएगा। शहर के प्रमुख मंदिरों में तैयारियां जोरों पर हैं। कहीं मंदिरों की दीवारें फूलों की माला से सजी हैं, तो कहीं भजन-कीर्तन की गूंज वातावरण को भक्तिमय बना रही है।
हजरतगंज स्थित दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में भी भव्य साज-सज्जा की तैयारियां सोमवार से शुरू होंगी। शाम 4 बजे से भक्त परिक्रमा के लिए मंदिर आने लगते हैं। इसके पश्चात महाआरती और विशाल भंडारे का आयोजन होगा।
गोमती नदी के तट पर स्थित हनुमान सेतु मंदिर हर बड़े मंगल पर भक्तों की भारी भीड़ का साक्षी बनता है। मंदिर सचिव दिवाकर त्रिपाठी ने बताया कि सोमवार रात 12 बजे कपाट खुलते ही सुंदरकांड का पाठ होगा। 50,000 से अधिक लड्डुओं का प्रसाद बांटा जाएगा। हर भक्त को हनुमान जी के चरणों का एक लड्डू प्रसाद के रूप में दिया जाएगा।
ये भी पढ़े- अयोध्या: राम मंदिर परिसर में 14 देवालयों पर पांच जून को होगी प्राण प्रतिष्ठा, 101 आचार्य कराएंगे ये अनुष्ठान; इन देवताओं की प्रतिमा होगी विराजित
लेटे हुए हनुमान मंदिर में भी तैयारियां जोरों पर हैं। मंदिर सेवक महंत विवेक टंगड़ी ने बताया कि साफ-सफाई और सजावट का कार्य सोमवार से ही आरंभ हो जाएगा। रात 12:00 बजे के बाद कपाट खोले जाएंगे और भक्तों की भीड़ परिक्रमा के लिए मंदिर में उमड़ पड़ेगी। भीड़ को सुव्यवस्थित करने के लिए दो लाइनें बनाई जाएंगी, जिससे व्यवस्था बनी रहे। सुबह 5 बजे मंगला आरती, 8:30 बजे सिंदूर लेपन, और 11:00 बजे से दिनभर भंडारा भक्तों की सेवा में समर्पित रहेगा।
अतिरिक्त बीरबल साहनी मार्ग स्थित श्री श्याम मंदिर में भी 13 मई से 11 जून तक प्रतिदिन भंडारा आयोजित किया जाएगा। मंदिर के महामंत्री रुपेश अग्रवाल ने बताया कि भक्तों की सेवा के लिए सभी आवश्यक इंतज़ाम पूरे कर लिए गए हैं।