संवाद न्यूज एजेंसी
लखनऊ। कोडीनयुक्त सिरप की खरीद-फरोख्त के मामले में भागे चल रहे फर्म संचालक को बुधवार को इंदिरानगर पुलिस और सर्विलांस टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी को गाजियाबाद से पकड़ा गया है। यह गिरफ्तारी औषधि प्रशासन विभाग की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट के बाद हुई है। इसमें फर्म संचालक पर नियमों का उल्लंघन कर बड़े पैमाने पर कोडीन युक्त सिरप की खरीद व बिक्री का आरोप है।
इंस्पेक्टर अजय नारायण सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी गाजियाबाद के नंदग्राम का रहने वाला आरुष सक्सेना है। इसके खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के औषधि निरीक्षक विवेक कुमार सिंह ने नौ दिसंबर 2025 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी। बुधवार को सर्विलांस की मदद से आरुष को उसके घर से पकड़ लिया गया।
कानपुर और रायबरेली से भी खरीदा गया था सिरप
इंदिरानगर के तकरोही विहार स्थित कान्हा फार्मास्युटिकल्स के संचालक आरुष ने 11 अक्तूबर को आर्पिक फार्मास्युटिकल्स और इधिका लाइफसाइंसेज से 11
हजार 783 कोडीनयुक्त सिरप की बोतलें खरीदी थीं। इसके अलावा, रायबरेली स्थित फर्म से भी 58 और कानपुर के कोपरगंज स्थित मेडिसिन हेल्थकेयर से भी आरोपी ने 10 बोतल सिरप खरीदी थीं।
छापे के दौरान नहीं पाया गया था फर्म का संचालन
शिकायत मिलने के बाद औषधि निरीक्षक ने आरुष सक्सेना की फर्म पर छापा मारा तो उन्हें फर्म का संचालन होता हुआ नहीं मिला। आरोपी से संपर्क स्थापित करने के सभी प्रयास विफल रहे। विभाग की ओर से नोटिस जारी किए जाने के बावजूद आरोपी ने कोई जवाब नहीं दिया।