लखनऊ। गोमतीनगर के विकासखंड में मंगलवार रात सपा के पूर्व विधायक के घर में लगी टोटी काट रहे युवक को नौकर ने रंगे हाथ पकड़ लिया। गोमतीनगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
अयोध्या के रुदौली विधानसभा से सपा के पूर्व विधायक अब्बास अली जैदी का विकासखंड में मकान है। मकान की देखरेख अशरफ करते हैं। अशरफ ने बताया कि मंगलवार रात करीब नौ बजे वह मकान के बाहर थे, तभी उन्हें कुछ खटपट की आवाज सुनाई पड़ी। वह अंदर पहुंचे तो उन्हें एक युवक बाथरूम में लगी टोटी काटता दिखा। शोर मचाने पर आरोपी घर से भाग निकला, लेकिन पड़ोसियों ने उसे पकड़ लिया। लोगों ने उसे जमकर पीटा। पूछताछ में उसने अपना नाम बाराबंकी के सतरिख निवासी लवकुश बताया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर ब्रजेश चंद्र तिवारी ने बताया कि आरोपी के पास से बरामद बोरी में नौ टोटी, एक प्लास, बाथरूम में टांगने वाले हैंगर व कुछ अन्य सामान मिला है। बरामद माल का वजन 30 किलोग्राम था उसने विधायक के घर से चोरी की थीं।