लखनऊ। विद्युत इकाई के परियोजना प्रबंधक सुनील कुमार यादव ने मेसर्स क्रस्ट एंड कोर प्रा.लि. के संचालक बैद्यनाथ झा पर अपर परियोजना प्रबंधक को पीटने का आरोप लगाया है। सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
परियोजना प्रबंधक सुनील कुमार ने बताया कि बैद्यनाथ झा की सुशांत गोल्फ सिटी के अर्जुनगंज स्थित फर्म को बलरामपुर जनपद में बने मां पाटेश्वरी देवी राज्य विश्वविद्यालय में एसी लगाने का टेंडर मिला था। मई 2026 में उद्घाटन होने वाले विश्वविद्यालय का काम अधूरा है। अधिक भुगतान के बावजूद काम पूरा नहीं हुआ। देरी का कारण जानने अपर परियोजना प्रबंधक और लेखाधिकारी निशांत अग्रवाल दफ्तर पहुंचे। वहां बैद्यनाथ ने उनकी पिटाई कर हत्या की धमकी दी। अपर परियोजना अधिकारी ने किसी तरह खुद को बचाया।
इंस्पेक्टर राजीव रंजन उपाध्याय ने बताया कि अपर परियोजना अधिकारी और आरोपी को बयान के लिए बुलाया गया है। बयान और साक्ष्य संकलन होने पर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।