लखनऊ। जानकीपुरम स्थित पूजा हॉस्पिटल के सामने शुक्रवार देर रात उस समय अफरातफरी मच गई, जब पार्किंग के विवाद में फायरिंग की गई। सूचना पर गुडंबा पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच की। पुलिस ने आरोपी को तमंचे के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
इंस्पेक्टर गुडंबा प्रभातेष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पलिया, महिगवां के बिजेंद्र करीब 13 वर्षों से जानकीपुरम सेक्टर-एच, कुर्सी रोड स्थित पूजा हॉस्पिटल में कार्यरत हैं। बिजेंद्र ने बताया कि शुक्रवार देर रात करीब 9:30 बजे गाड़ियों की पार्किंग को लेकर हॉस्पिटल के सामने के घर में रहने वाले निजी चालक विनय सिंह से कहासुनी हो गई थी। इसके बाद वह हॉस्पिटल के अंदर चले गए। कुछ देर बाद फायरिंग की आवाज सुनकर वह बाहर आए। बाहर विनय सिंह का भतीजा इंदिरानगर सेक्टर-13 निवासी मोनू सिंह उनके साथ गाली-गलौज करने लगा और जान से मारने की धमकी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी मोनू को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध तमंचा और तीन कारतूस बरामद हुए। इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपी के खिलाफ शनिवार को आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। मोनू सीतापुर के निजी फर्म में अकाउंटेंट है।