लखनऊ। बाजारखाला थाना क्षेत्र के भदेवां में पारिवारिक विवाद को लेकर रंजिश में सोमवार शाम तीन भाई अपने पड़ोसी के मकान पर ताबड़तोड़ फायरिंग करके भाग गए। छानबीन में पता चला कि एक दिन पहले भी दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ था, मगर पुलिस ने सुलह करा दी थी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीनों भाइयों के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज की है। इंस्पेक्टर का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
बाजारखाला के भदेवां मोहल्ला निवासी शहनवाज घर के पास ही सैलून चलाते हैं। शहनवाज के पड़ोस में जैद, अकील व आदिल का मकान है मगर अब ये तीनों भाई बालागंज स्थित अपने नए मकान में रहते हैं। शहनवाज का आरोप है कि सोमवार शाम करीब पांच बजे जैद उनके घर के बाहर आकर खड़ा हो गया। चंद मिनट बाद अकील व आदिल बाइक से आए और लाइसेंसी डबल बैरल बंदूक से उनके मकान पर दो राउंड फायर किए। इसके बाद तीनों भाई बाइक से भाग गए। दिनदहाड़े फायरिंग से मोहल्ले में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन करने के साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी की फुुटेज खंगाली।
एसीपी बाजारखाला विजयराज सिंह व इंस्पेक्टर धनंजय सिंह ने शहनवाज से वारदात के बारे में पूरी जानकारी ली। इंस्पेक्टर ने बताया कि शहनवाज की तहरीर पर जैद, अकील व आदिल के खिलाफ जानलेवा हमले की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर तीनों की तलाश की जा रही है। वारदात में इस्तेमाल लाइसेंसी बंदूक के लाइसेंस के निरस्तीकरण की संस्तुति भी जिला प्रशासन से की जाएगी।
मेसेज भेजने पर एक दिन पहले हुआ था झगड़ा
पुलिस को छानबीन में पता चला कि शहनवाज की रिश्तेदार एक महिला की जैद से दोस्ती है। रविवार को जैद ने शहनवाज की रिश्तेदार महिला को कोई अश्लील मेसेज किया था। उक्त रिश्तेदार महिला ने वो मेसेज शहनवाज की पत्नी को फारवर्ड कर दिया था। इस पर गुस्साए शहनवाज का रविवार को जैद से झगड़ा हो गया था। बीचबचाव करने पहुुंचे जैद के भाई अकील व आदिल को शहनवाज ने थप्पड़ मार दिया था। मगर मोहल्ले के लोगों ने बीचबचाव कर दोनों पक्षों में समझौता करा दिया था। ऐसे में माना जा रहा है कि पिटाई का बदला लेने व शहनवाज को डराने के लिए तीनों भाइयों ने उसके मकान पर फायरिंग की है।
डेढ़ लाख रुपये का है विवाद
वारदात की छानबीन में दौरान ही जैद के एक रिश्तेदार ने पुलिस को लेनदेन का विवाद होने की जानकारी दी। उसने बताया कि शहनवाज की रिश्तेदार को कुछ समय पहले जैद ने डेढ़ लाख रुपये उधार दिए थे। अब रकम का तगादा करने के चलते झगड़े की नौबत आई है।