देश भर में प्रदूषण के खराब स्तर को लेकर नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) की रिपोर्ट और आदेश के बाद अब उतर प्रदेश सरकार भी दिशा निर्देश जारी करने जा रही है। एनजीटी की रिपोर्ट का मंथन करने के बाद जल्द ही पटाखों को लेकर गाइडलाइन जारी की जाएगी।
इसके संकेत अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने दिए हैं। एनजीटी ने प्रदेश के जिन 14 शहरों की हवा को खराब बताया है उसमें नोएडा, गाजियाबाद, लखनऊ, मुरादाबाद, अमरोहा, आगरा, प्रयागराज, सोनभद्र, बरेली, फिरोजाबाद, झांसी, कानपुर, रायबरेली और वाराणसी जिला शामिल है।
ऐसे में सरकार इन शहरों में पटाखे छोडने को लेकर कोई कठोर निर्णय ले सकती है। सूत्रों का कहना है कि यूपी के इन जिलों में से जिन जिलों का प्रदूषण स्तर अत्यधिक खराब होगा उन जिलों में पटाखों पर पूरी तरह से पाबंदी लगाई जा सकती है।
हालांकि एनजीटी ने एनसीआर में पटाखे छोडने और पटाखों की बिक्री पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया है। इसमें गाजियाबाद और नोएडा जो यूपी के जिले हैं वह शामिल हैं। ऐसे में सरकार को केवल 12 जिलों के बारे में निर्णय लेना है कि वहां किस तरह का प्रतिबंध लगाया जाए। सूत्रों का कहना है कि मंगलवार को विस्तृत गाइडलाइन प्रदेश सरकार की ओर से जारी की जाएगी।