चारबाग स्टेशन पर सोमवार को एक वरिष्ठ अधिकारी के सैलून में आग लगने से
भगदड़ मच गई।
मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने एक घंटे की
मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे के समय सैलून के आसपास कई और बागियां
खड़ी थीं, गनीमत रही कि वे चपेट में नहीं आईं।
मदेपुरा
रेलवे फैक्ट्री में तैनात मुख्य प्रशासनिक अधिकारी नईमुल हक विशेष सैलून
(ईसीआर-009) से हावड़ा-हरिद्वार कुंभ एक्सप्रेस से सुबह करीब सात बजे लखनऊ
पहुंचे।
सैलून को ट्रेन से हटाकर चारबाग स्टेशन की सैलून साइडिंग में लगा
दिया गया। सुबह करीब 8.10 बजे स्टेशन मास्टर अरविंद बघेल को सैलून में आग
लगने की सूचना मिली।
अरविंद ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी और टीएक्सआर
अनुभाग के रियाज अहमद व अनूप कुमार को लेकर मौके पर पहुंचे। सैलून से लपटें
उठ रहीं थी और डायनिंग हॉल अंदर से बंद था। मौके पर मुख्य प्रशासनिक
अधिकारी भी खड़े थे।
करीब बीस मिनट बाद फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां
पहुंचीं और एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे का कारण शॉर्ट
सर्किट बताया जा रहा है।
सैलून को सील कर सिक लाइन में भेज दिया गया है।
हादसे के समय वहां कई और बोगियां खड़ी थीं। गनीमत रही कि समय रहते बाहरी
हिस्से में रखे बेडरोल सहित अन्य सामान हटा दिए गए।