लखनऊ के गोमतीनगर स्थित जय प्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय संस्थान (जेपी एनआईसी) के भू-तल स्थित स्टोर में मंगलवार देर रात आग लग गई। हादसे में स्टोर में रखा बिजली व अन्य निर्माण सामग्री जलकर राख हो गई। सूचना पर पहुंची चार दमकलों ने तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) अभयभान पांडेय ने बताया कि निर्माणाधीन संस्थान में आग से बचाव का कोई इंतजाम नहीं है। अग्निशमन विभाग की तरफ से नोटिस जारी किया जाएगा। कॉन्ट्रेक्टर के मुताबिक, हादसे में करीब दस करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
सुरक्षाकर्मियों के मुताबिक, हादसा रात करीब 1.15 बजे हुआ। जब तक दमकल की गाड़ियां पहुंचती लपटें विकराल हो गईं और आसपास के कमरों तक पहुंच गईं। दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची। लेकिन स्थिति भांपते हुए दमकलकर्मियों ने दो और गाड़ियां मौके पर बुलाईं। सूचना मिलते ही गोमतीनगर फायर स्टेशन की टीम शांतनु यादव के नेतृत्व में पहुंच गई।
वहीं, फन चौकी इंचार्ज राजेश सिंह भी टीम के साथ पहुंचे। सुरक्षाकर्मियों को बाहर कर आग बुझाने का काम शुरू हुआ। इस बीच इंदिरानगर फायर स्टेशन से भी दमकल की गाड़ियां पहुंच गईं। दमकलकर्मी आग पर काबू पाने के लिए भू-तल से लेकर पहली मंजिल से पानी की बौछार मार रहे थे। सीएफओ अभय भान पांडेय ने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन करीब तीन घंटे तक चला।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
सीएफओ अभयभान पांडेय ने बताया कि आग बुझाने के बाद मौका मुआयना किया गया। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। मामले की जांच के लिए एफएसओ स्तर के दो अधिकारियों की टीम बनाई जा रही है। जो सप्ताहभर में रिपोर्ट देंगे। सीएफओ ने बताया कि आग लगते ही सभी सुरक्षाकर्मी गेट से बाहर भाग गए। वहीं, कुछ दूरी पर बने मजदूरों की झोपड़ी से लोगों को बाहर निकाल दिया गया। इसके बाद फायरकर्मियों ने रेस्क्यू शुरू किया।