फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ज्वैलरी शॉप में आग से अफरातफरी, दमकलकर्मी घायल

Tue, 04 Aug 2015 12:41 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
हजरतगंज स्थित जनपथ मार्केट के बेसमेंट में आर्टिफिशियल ज्वैलरी की शॉप में सोमवार रात शार्ट सर्किट से आग लग गई। केयरटेकर की सूचना पर दमकल दस्ता मौके पर पहुंचा। इस बीच पूरे मार्केट में काला धुआं फैल चुका था। बेसमेंट में दुकान तक पहुंचने में दमकल दस्ते को खासी मुश्किल का सामना करना पड़ा।
विज्ञापन


ऑक्सीजन सिलेंडर के साथ मॉस्क लगाकर बेसमेंट में पहुंची टीम ने घंटा भर जूझने के बाद शटर तोड़कर आग बुझाई जा सकी। आग बुझाने के दौरान दमकल दस्ते के दो कर्मचारी मामूली रूप से घायल हुए हैं।

सीएफओ अभयभान पांडेय ने बताया कि जनपथ मार्केट के केयरटेकर प्रताप सिंह ने सोमवार रात 9:15 बजे चैनल लॉक करने के दौरान बेसमेंट में धुआं फैलते देखा। पता चला कि हरजीत सिंह की आर्टिफिशियल ज्वैलरी व लेदर पर्स की दुकान में आग लगी है।
विज्ञापन


प्रताप ने जनपथ व्यापार मंडल के अध्यक्ष रमेश मिश्रा को अग्निकांड की सूचना दी। इसके साथ फायर स्टेशन फोन किया। थोड़ी ही देर में दमकल दस्ता मौके पर पहुंचा लेकिन काला धुआं पूरी जनपथ मार्केट में फैल चुका था। शार्टसर्किट से आग भड़कने की आशंका के चलते जनपथ की बिजली आपूर्ति बंद कराई गई।

इस तरह बुझाई गई आग

बेसमेंट में घुसने में मुश्किल होते देख दमकल दस्ते ने भूतल पर चैनल के पास से पानी की तेज धार छोड़नी शुरू की। इस बीच फायरमैन की एक टीम ने मॉस्क लगाया और ऑक्सीजन सिलेंडर पीठ में बांधने के बाद बेसमेंट में उतरी।

टीम को दुकान तक पहुंचने में आधा घंटा लग गया। इसके बाद किसी तरह शटर तोड़कर आग बुझाई जा सकी। राजाजीपुरम निवासी हरजीत सिंह की दुकान से सटी दो दुकानों को आंशिक नुकसान हुआ है। हरजीत ने लाखों की क्षति बताई है।

छह गाड़ियों से बुझी आग
एफएसओ चंद्रशेखर यादव ने बताया कि पूरे मार्केट में फैले काले धुएं से आग की भयावहता का अनुमान लगाकर छह गाड़ियां बुलाई गई। जनपथ के फायर फाइटिंग सिस्टम की मदद ली गई। चार गाड़ियों को दोबारा पानी भरकर मंगाया गया। इस तरह दस गाड़ियों के पानी से आग बुझाने में करीब दो घंटे लग गए।

धुएं में फंसा कर्मचारी
जनपथ मार्केट में फैले धुएं के बीच एक दुकान का रवि नामक कर्मचारी अपनी दुकान का जायजा लेने बेसमेंट में उतर गया। उसके आग के बीच फंसने की खबर से हड़कंप मच गया। दमकल की एक टीम को ड्रेगन लाइट के साथ बेसमेंट में उतारा गया। उसने रवि को ढूंढकर निकाला। धुएं की वजह से उसकी सांस उखड़ी थी, जो थोड़ी देर बाद सामान्य हो गई।
विज्ञापन

अफरातफरी के कारण बुलानी पड़ी पुलिस

जनपथ मार्केट के बेसमेंट में आग का पता चलते ही सौ से अधिक व्यापारी मौके पर पहुंच गए। इनमें बेसमेंट की 46 दुकानों के मालिक व उनके कर्मचारी शामिल थे।

अपनी दुकान की स्थिति जानने के लिए व्याकुल व्यापारी किसी तरह बेसमेंट का जायजा लेने के प्रयास में थे। इससे आग बुझाने में मुश्किल आती देख दमकल दस्ते ने पुलिस बुलाई।

इंस्पेक्टर हजरतगंज ने आसपास की चौकियों के पुलिसकर्मियों की मदद से लोगों को बेसमेंट के गेट से हटाया।

जलमग्न हुआ बेसमेंट
आर्टिफिशियल ज्वैलरी की दुकान की आग बुझाने के लिए फायरब्रिगेड की दस गाड़ियों का पानी इस्तेमाल किया गया। इससे बेसमेंट में जलभराव हो गया। कई दुकानों में पानी भरने से नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। व्यापारियों ने कहा कि मंगलवार सुबह सही स्थिति मालूम हो सकेगी।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें