लखनऊ। राजधानी के स्टेशन रोड इलाके में शुक्रवार रात करीब 11:45 बजे बिजली के खंभे में लिपटे इंटरनेट के तारों में आग लग गई। इसके कारण 14 घंटे तक बिजली गुल रही, जिससे करीब तीन हजार परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इस बिजली संकट के लिए एक कार शोरूम भी जिम्मेदार मानी जा रही है।
हुसैनगंज के अधिशासी अभियंता अरुण कुमार भारती ने बताया कि इंटरनेट केबल में आग लगने से 11,000 वोल्ट की लाइन का फ्यूज उड़ गया। इसे दोबारा लगाने के दौरान केबल में तकनीकी फाॅल्ट आ गया, जिससे ओसीआर उपकेंद्र पूरी तरह ठप हो गया। काफी मशक्कत के बाद उपकेंद्र के दो फीडर तो चालू हो गए, मगर जिस फीडर की पोल पर आग लगी थी, उसमें फॉल्ट आ गया। कर्मचारी रात करीब 12:30 बजे पोल पर काम करने के लिए पहुंचे तो वहां खुले शोरूम की कई गाड़ियों के सड़क पर खड़ी होने के कारण सुरक्षाकर्मियों ने सीढ़ी नहीं लगाने दिया। इससे रात को बिजली चालू नहीं की जा सकी।
सुबह शुरू हुआ काम
अधीक्षण अभियंता ने बताया कि शोरूम संचालक ने सड़कों पर अतिक्रमण कर कारें खड़ी कर रखी थीं, जिसके कारण रात को फाॅल्ट ठीक नहीं हो सका। यह काम शनिवार सुबह करीब नौ बजे शुरू हुआ, तब बिजली दोपहर 1:45 बजे के बाद चालू हो सकी।