लखनऊ। कैसरबाग निशात सिनेमा हाॅल के पास बुधवार सुबह फर्नीचर गोदाम में अचानक आग लग गई। दमकल कर्मियों ने चार गाड़ियों की मदद से एक घंटे में आग पर काबू पा लिया।
सरोजनी नायडू मार्ग सफायर विला में रहने वाले व्यवसायी आशीष कात्याल का निशात सिनेमा हाॅल के पास फाउंटेन फर्नीचर नाम से दुकान और गोदाम है। सुबह 9.30 बजे गोदाम में अचानक आग लग गई। धुआं और लपटें देखकर आस पड़ोस के लोगों ने शोर मचाया। स्थानीय लोगों ने लपटों पर पानी फेंका, पर आग पर काबू नहीं पा सके।
सूचना पर कैसरबाग पुलिस और हजरतगंज फायर स्टेशन से दमकल की चार गाड़ियां पहुंच गईं। हजरतगंज फायर स्टेशन से एफएसओ राम कुमार रावत ने एक घंटे के अंदर आग पर काबू पा लिया गया। गोदाम में लगी आग से निकलने वाले धुएं से आसपास के रहने वाले लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ा।
गोदाम के मालिक आशीष ने बताया कि सुबह किसी ने गोदाम के बाहर कूड़े के ढेर में आग लगा दी थी। कूड़े के ढेर से निकली चिंगारी से गोदाम में आग लगी। एफएसओ ने बताया कि हादसे के वक्त गोदाम बंद था। शुरुआती जांच में शाॅर्ट सर्किट से आग लगने का अंदेशा है।