लखनऊ। बलरामपुर अस्पताल में बृहस्पतिवार को आग से बचाव के लिए कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया। कर्मचारियों को उपकरणों को चलाकर दिखाया गया। उन्हें बताया गया कि किस तरह से आग पर काबू पाया जा सकता है। साथ ही अस्पताल में लगे होज रील, हाइड्रेंट को चलाकर जांच की गई। सभी उपकरण चालू स्थिति में मिले।
बलरामपुर अस्पताल के पैथालॉजी लैब के पास सभी संवर्ग के कर्मचारियों को आग से बचाव के लिए प्रशिक्षण दिया गया। फायर एक्सपर्ट ने एक्सटिंग्यूशर को चलाकर दिखाया। बताया कि जिस सिलेंडर या एक्सटिंग्यूशर पर ए, बी, सी, डी व ई लिखा होता है वह किसी भी आग को बुझाने में काम आता है। सभी के मोबाइल में आग से बचाव के लिए अस्पताल और अग्निशमन अधिकारियों के इमरजेंसी नंबर तुरंत सेव करवाए। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. हिमांशु चतुर्वेदी ने बताया कि अस्पताल परिसर में आग से बचाव के लिए सभी वार्डों में उपकरण लगे हैं। सभी उपकरणों को चलवाकर देखा गया।