नानपारा - लखीमपुर हाईवे पर गिरगिट्टी गांव के पास रविवार दोपहर लगभग दो बजे के आसपास एक चलती कार में में आग लग गई। ड्राइवर की सूझबूझ से सभी सवारों की जान बची और कुछ ही देर में कार पूरी तरह जलकर राख हो गई। वाहन जलने के कारण जाम भी लग गया।
घटनास्थल पर पहुंची मोतीपुर थाने के जालिम नगर चौकी की पुलिस ने कार को साइड में कराकर आवागमन बहाल कराया। लखीमपुर खीरी जिला के पलिया से एक परिवार के लोग कार से रविवार को नेपाल से अपने घर वापस आ रहे थे।
कार जैसे ही मोतीपुर थाना क्षेत्र में नानपारा लखीमपुर मार्ग पर ग्राम गिरगिट्टी लोधनपुरवा के पास पंहुची कार में अचानक आगे के हिस्से में आग जल उठी। चालक ने सूझबूझ दिखाकर वाहन को साइड में किया इसके बाद सभी वाहन से नीचे कूद गए। कुछ ही देर में कार राख के ढेर में तब्दील हो गई है।
सूचना पाकर चौकी जालिमनगर की पुलिस मौके पर पहुंची। कार सवारों का बयान दर्ज किया। मार्ग पर लगे जाम को पुलिस ने हटवाया। वाहन देखने के लिए लोगों की काफी भीड़ लगी रही।