आईटी मेट्रो स्टेशन के नीचे खिलौने की दुकान में लगी आग
लखनऊ। महानगर में शुक्रवार को आईटी मेट्रो स्टेशन के नीचे बनी खिलौने की दुकान में आग लग गई। दमकल कर्मियों ने चार गाड़ियों से एक घंटे में आग पर काबू पा लिया।
संगीता गर्ग आईटी मेट्रो स्टेशन के नीचे पिरामिड इंटरनेशनल नाम से खिलौने की दुकान चलाती हैं। दोपहर 2:30 बजे उनकी दुकान में आग लग गई। कर्मचारी व अन्य लोग दुकान से बाहर निकल आए और पानी फेंककर आग पर काबू पाना शुरू कर दिया। पर खिलौनों के कारण लपटें भड़कती चली गईं। सूचना पर एफएसओ हजरतगंज राम कुमार रावत दो गाड़ियों व टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए।
लपटों की विकरालता को देखते हुए एक गाड़ी फायर स्टेशन इंदिरा नगर और एक गाड़ी फायर स्टेशन चौक से मंगानी पड़ी। एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पूरी तरह से बुझा ली। एफएसओ ने बताया कि आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।