रायबरेली। सिविल लाइन के पास स्थित होटल ओम क्लार्क इन के किचन में शुक्रवार सुबह 8:00 बजे आग लग गई। धुएं के गुबार से होटल में भगदड़ मच गई। लोग कमरों से निकलकर बाहर की तरफ दौड़ पड़े। फायर ब्रिगेड टीम ने मौके पर पहुंचकर होटल में ठहरे 40 लोगों को सुरक्षित निकाला। होटल में धुआं भरने से बचाव कार्य में दिक्कत हुई। बताया जा रहा है कि किचन की चिमनी में गड़बड़ी से आग लगी थी। होटल के मैनेजर विवेक शर्मा के अनुसार किचन में मामूली नुकसान हुआ है। होटल में ठहरे सभी लोग सही हैं। उन्हें कोई नुकसान नहीं हुआ है।
विज्ञापन
आग लगते ही बिजली कटी, पानी बंद, कमरे में भर गया धुआं...
होटल में ठहरे लोगों ने बताया कि आग लगते ही बिजली कट गई। पानी भी बंद हो गया। कुछ देर बाद धुएं का गुबार कमरों में भर गया। दिल्ली से आए सुजीत पांडेय घटना के समय कमरा नंबर 305 में परिवार के साथ रुके थे। अचानक बाथरूम में पानी बंद हो गया और कमरे में धुआं भरने लगा। किसी तरह बच्ची, पिता और भाभी को होटल से बाहर निकाला।
परिवार के साथ सीढि़यों से भागे बाहर
होटल में ठहरे सतीश ने बताया कि शादी में शामिल होने के लिए आए थे। अचानक लाइट गई तो सोचा कि सामान्य कटौती हुई होगी। कुछ देर बाद कमरे में धुआं भरने के बाद आग लगने की जानकारी हुई। किसी तरह बच्चों को लेकर सीढि़यों से गिरते-पड़ते बाहर निकले।
विज्ञापन
नहीं बजे सेफ्टी अलार्म होटल में ठहरे लोगों ने बताया कि होटल प्रबंधन ने उन्हें आग के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। यहां तक की सेफ्टी अलार्म तक नहीं बजे। आग लगने की सूचना के बाद सभी अपने कमरों से निकलकर बाहर की ओर भागे। स्थानीय लोगों के अनुसार घटना की जानकारी मिलने पर पिकेट ड्यूटी पर तैनात सिपाही आए और कुछ देर रुकने के बाद चले गए।
दो यूनिटों को मौके पर भेजकर आग पर काबू पाया गया। आग किचन के बाहर नहीं जा सकी। धुआं पूरे होटल में भर गया था। होटल में ठहरे 40 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। बाद में होटल का निरीक्षण करके सुरक्षा उपकरणों की जांच की गई। फायर की एनओसी के संबंध में होटल प्रबंधन से जवाब मांगा जाएगा। सेफ्टी अलार्म नहीं बजने की जानकारी मिली है। नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।