फ्लैट में आग से बचने के लिए बालकनी में लटका युवक व मौजूद लोग।
लखनऊ। ठाकुरगंज क्षेत्र के बसंत कुंज योजना में शुक्रवार को चार मंजिला अपार्टमेंट की पहली मंजिल पर स्थित फ्लैट में भीषण आग लग गई। आग से बचने के लिए एक युवक बालकनी से लटक गया। गनीमत रही कि उसे कोई चोट नहीं आई। दमकल कर्मियों के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पा लिया।
अपार्टमेंट की पहली मंजिल पर फ्लैट संख्या 22 में फरहीन पति और बेटे हंजला के साथ रहती हैं। फरहीन बेटे के साथ पड़ोस में गई थीं, जबकि पति बाहर गए हुए थे। दोपहर करीब 3:30 बजे स्थानीय लोगों ने फ्लैट से आग की लपटें और धुआं उठते देखा। लोगों ने तुरंत अपार्टमेंट खाली कर दिया और दमकल व पुलिस को सूचित किया। दमकल कर्मियों के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने मिलकर आग पर काबू पा लिया। आग से फ्लैट में रखा सारा गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया।
इंस्पेक्टर ठाकुरगंज के अनुसार, हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। आशंका है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी थी।
बालकनी से लटके युवक नहीं हो सकी पहचान
आग लगने के दौरान, फ्लैट के अंदर फंसा युवक जान बचाने के लिए बालकनी से लटक गया। यह देखकर आसपास के लोग घबरा गए और उसे नीचे उतरने के लिए कहने लगे। युवक करीब दस मिनट तक बालकनी से लटका रहा और फिर किसी तरह ऊपर चढ़कर फ्लैट में घुस गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। हालांकि, वीडियो में दिख रहे युवक की पहचान दमकल कर्मी और पुलिस नहीं कर सकी।
फ्लैट में आग से बचने के लिए बालकनी में लटका युवक व मौजूद लोग।