लखनऊ। कैसरबाग स्थित हाईकोर्ट के गेस्ट हाउस में मंगलवार रात आग लग गई। इस दौरान गेस्ट हाउस में रह रहे दो लोग फंस गए। दमकल कर्मियों ने उन्हें निकालकर दो गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया।
एफएसओ हजरतगंज राम कुमार रावत ने बताया कि मंगलवार रात करीब 11:45 बजे गेस्ट हाउस में आग लगने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि आग गेस्ट हाउस में लगे स्प्लिट एसी में हुए शॉर्ट सर्किट के कारण लगी थी। आग देखते ही देखते भीषण हो गई। गेस्ट हाउस से दो लोगों के चीखने की आवाज आ रही थी।
आननफानन दमकल कर्मियों को दो भागों में बाटा गया। पहली टीम रेस्क्यू में लग गई, जबकि दूसरी आग पर काबू पाने की कोशिश करने लगी। टीम ने सीढ़ी के जरिये दोनों को बाहर निकाल लिया। फिर एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
गोल मार्केट में धू-धू कर जली बाइक
लखनऊ। महानगर में बुधवार रात करीब 9:30 बजे गोल मार्केट के पास चलती केटीएम बाइक में आग लग गई। किसी तरह से चालक ने कूद कर अपनी जान बचाई। घटना से वहां अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और दमकल को जानकारी दी गई। दमकल कर्मियों ने एक गाड़ी की मदद से कुछ ही देर में आग बुझा ली।