लखनऊ। अमीनाबाद के गड़बड़झाला बाजार में शुक्रवार सुबह दुकान में आग लग गई। इसकी लपटों ने एक और दुकान को चपेट में ले लिया। दमकल ने तीन गाड़ियों से आग पर काबू पाया।
मोहम्मद सिद्दीक खान की गड़बड़झाला में शृंगार महल नाम से दुकान है। शुक्रवार सुबह इससे धुआं और लपटें उठती देख अफरातफरी मच गई। देखते-देखते आग पड़ोस की दुकान तक पहुंच गई। लोगों ने पुलिस और दमकल को सूचना दी। कुछ ही देर में पहुंचे एफएसओ हजरतगंज राम कुमार रावत ने अमीनाबाद मिनी फायर स्टेशन की तीन गाड़ियों से आग बुझाना शुरू कर दिया। इस बीच सिद्दीक भी पहुंच गए। दमकल ने आधे घंटे बाद आग पर पूरी तरह से काबू पाया। एफएसओ ने बताया कि आशंका है कि दुकान में आग शॉर्ट सर्किट से लगी थी।
सेवानिवृत्त दरोगा के घर में लगी आग
गुडंबा। क्षेत्र की बसेरा विहार कॉलोनी में शुक्रवार शाम 6:30 बजे शॉर्ट सर्किट से सेवानिवृत्त दरोगा शरद श्रीवास्तव के घर में आग लग गई। दमकल के पहुंचने से पहले ही आसपास के लोगों ने इस पर काबू पा लिया। अतिरिक्त इंस्पेक्टर भानु प्रताप सिंह के मुताबिक, घटना के समय शरद घर पर अकेले थे। (संवाद)