आलमबाग। कृष्णानगर के बारावीरवा स्थित तीन मंजिला व्यावसायिक भवन में बनी ऑटो पार्ट्स की दुकान में बृहस्पतिवार शाम करीब छह बजे आग लग गई। पास की लाइब्रेरी में पीसीएस की तैयारी कर रहे रायबरेली निवासी छात्र कृष्णा यादव ने हिम्मत दिखाई। उन्होंने अग्निशमन यंत्र लेकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। दुकान कर्मचारी विक्रम और अन्य दुकानदारों की मदद से आग पर जल्द काबू पा लिया गया।
सूचना मिलने पर फीनिक्स मॉल चौकी प्रभारी प्रदीप कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। करीब आधे घंटे बाद दमकल की एक गाड़ी भी पहुंची, लेकिन तब तक आग पूरी तरह बुझ चुकी थी। दुकान मालिक एलडीए कॉलोनी सी हिंदनगर निवासी परमजीत सिंह का कहना है कि आग से मामूली नुकसान हुआ। इंस्पेक्टर के अनुसार, आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगने की आशंका है।