नैमिष नगर योजना में निरीक्षण करते एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार (भूरे कोट में)।
लखनऊ। एलडीए की नैमिष नगर योजना में अवैध खनन की जानकारी पर बृहस्पतिवार को एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने योजना का निरीक्षण किया। इस दाैरान उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि स्थानीय लोगों से पूछताछ में पता चला कि ईंट-भट्ठे वाले यहां मिट्टी निकाल रहे हैं। जब जमीन एलडीए ने किसान से खरीद ली तो अब कोई भी व्यक्ति बिना अनुमति के खनन नहीं कर सकता। उन्होंने अवर अभियंता संजय जैन को अवैध खनन करने वाले लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने को कहा। इसके बाद अवर अभियंता ने सैरपुर थाने में तहरीर दी है।
आईआईएम से रैथा तक सड़क होगी चाैड़ी
वीसी ने बताया कि समीक्षा में पाया गया कि सेक्टर-1 व सेक्टर-12 में लगभग पूरी जमीन खरीदी जा चुकी है। इसके अलावा कुछ अन्य गांवों में भी काफी भूमि प्राधिकरण को मिल गई है। वहां टेंडर कराकर सड़क, नाली, सीवर आदि के विकास कार्य शुरू कराए जाएंगे। आवागमन के लिए आईआईएम से रैथा तक सड़क का चौड़ीकरण भी कराया जाएगा। बड़ी संख्या में किसानों ने अपनी भूमि देने के लिए सहमति पत्र दिए हैं। ऐसे में सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में नैमिष नगर योजना के लिए अलग काउंटर स्थापित कराया जाएगा। दाऊद नगर में लगभग 7000 वर्गफीट क्षेत्रफल में बनाए जा रहे कल्याण मंडप का भी वीसी ने निरीक्षण किया गया। उन्होंने यहां पर चल रहे फिनिशिंग के अवशेष कार्यों को 15 दिन के अंदर पूरा करने को कहा ताकि इसे जल्द शुरू किया जा सके।