लखनऊ। आजमगढ़ के सिधारी निवासी भूपेंद्र वीर सिंह और उनके रिश्तेदार पश्चिम बंगाल निवासी नितिन नरसरिया ने अंसल कंपनी व चार अन्य पर प्लॉट के नाम पर 43 लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाया है। पीड़ित की तहरीर पर सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
भूपेंद्र वीर ने बताया कि उन्होंने कंपनी के जरिये पीजीआई क्षेत्र निवासी डॉ. नारायण प्रसाद और उनकी पत्नी रेनू से 25 लाख रुपये में प्लॉट खरीदा था। वहीं, रितेश्दारत नितिन नरसरिया ने नितिन अभिषेक से 18 लाख रुपये में प्लॉट लिया था। उन्हें बाद में पता चला कि अंसल कंपनी की एनओसी के बिना प्लॉट बेचना संभव नहीं था। आरोप है कि अंसल कंपनी के मालिकों ने कंसोरसियम कंपनी के कृष्णा आजाद, आदेश कुमार, विजय और श्रवण कुमार से मिलीभगत की। उन्होंने उनके और रिश्तेदार के प्लॉट के फर्जी दस्तावेज बनवाकर उन पर कब्जा कर लिया। विरोध पर आरोपियों ने धमकाया। इंस्पेक्टर राजीव रंजन उपाध्याय ने बताया कि मामले की तफ्तीश जारी है।