बख्शी का तालाब। महिंगवां के कुम्हरावां चौराहे पर 20 अगस्त को प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने 16 नामजद समेत 80 अज्ञात लोगों पर उपद्रव व लोक व्यवस्था भंग करने का आरोप लगाया है।
एसओ राधेश्याम मौर्य के मुताबिक एसआई सतीश सिंह की शिकायत पर देवेंद्र, ममता सिंह, श्यामू पाल, अनिल यादव, बब्लू, राजन, अरुण, सौरभ, देवेंद्र प्रताप सिंह, मोहम्मद कलीम, पीयूष, सुभाष, दिलीप सिंह, अमर सिंह, मोहित और मुकेश समेत 70 से 80 अज्ञात लोगों के खिलाफ यह रिपोर्ट दर्ज की गई। प्रदर्शन 19 अगस्त की शाम मोनू उर्फ दिलीप सिंह की हत्या के विरोध में किया गया था। मोनू की हत्या शाहपुर स्थित देसी शराब के ठेके पर हुई थी। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को पकड़ा था। नाराज लोगों ने कुम्हरावां चौराहे पर पांच घंटे तक सड़क जाम रखा। इससे एंबुलेंस और स्कूली वाहनों के आवागमन में परेशानी हुई। महिंगवां समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते रहे।