- यूनिटेक कंपनी के खिलाफ दर्ज कराई एफआईआर
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। रिटायर्ड एयरफोर्स की पत्नी रंजीत पड्डा से यूनिटेक कंपनी ने 1.70 करोड़ रुपये ठग लिये। आरोप है कि कंपनी संचालक ने उनके साथ शोरूम का सौदा किया था, लेकिन रुपये लेने के बाद रजिस्ट्री नहीं की। पीड़िता ने केस दर्ज कराया है।
गुलिस्तां कॉलोनी में गुलबाग सिंह पड्डा परिवार सहित रहते हैं। गुलबाग सिंह ने एयरफोर्स से प्रीमैच्योर रिटायरमेंट लिया है। उनकी पत्नी रंजीत सिंह के मुताबिक, 2011 में यूनिटेक लिमिटेड रायबरेली रोड पर गार्डन गलेरिया के नाम से मॉल का निर्माण के बारे में जानकारी हुई थी। यूनिटेक कंपनी का संचालन रमेश चंद्र, उसके बेटे अजय और संजय चंद्र करते हैं। कंपनी में उपाध्यक्ष के पद पर नदीम अहमद खान है। मॉल में करीब दो हजार वर्ग फीट जमीन के लिए 1.44 करोड़ रुपये जमा किए थे। सौदे के वक्त कंपनी की तरफ से नदीम ने शोरूम की रजिस्ट्री होने तक 1.22 लाख रुपये किराया देने का दावा किया था।
रंजीत के मुताबिक, करीब 25 लाख रुपये शोरूम फर्निश्ड करने के लिए भी दिए गए, लेकिन रजिस्ट्री नहीं की। रमेश चंद्र, उसके बेटे अजय और संजय को कुछ समय पहले पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इसकी जानकारी होने पर रंजीत और गुलबाग ने नदीम से संपर्क कर रुपये लौटाने के लिए कहा, लेकिन आरोपी टालमटोल करता रहा। परेशान होकर तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक राणा राजेश सिंह के मुताबिक, आरोपी नदीम पर अमानत में खयानत का केस दर्ज किया गया है।